X
मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी को लेकर जनपद की राजनीति में उबाल आ गया है। चरथावल विधायक पंकज मलिक द्वारा कैबिनेट मंत्री को कथित तौर पर ‘गुंडा’ कहे जाने के विरोध में भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पुरकाजी के खादर चौक पर कार्यकर्ताओं ने भारी रोष व्यक्त करते हुए विधायक पंकज मलिक का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के प्रदेश युवा महामंत्री सचिन प्रजापति ने समाजवादी पार्टी और उनके नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ सपा ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति का ढोंग करती है, वहीं दूसरी ओर उनके विधायक दलित समाज से आने वाले कैबिनेट मंत्री के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। सचिन प्रजापति ने दो टूक कहा कि मंत्री अनिल कुमार हर वर्ग के हितों की रक्षा कर रहे हैं और उन्हें ‘गुंडा’ कहना पूरे दलित और अति पिछड़ा समाज का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंकज मलिक पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का पलटवार, 2024 में लग गया था तुका, दलित समाज नही देगा तुम्हे वोट…
पंकज मलिक के उस बयान पर भी सचिन प्रजापति ने पलटवार किया जिसमें कहा गया था कि अनिल कुमार सपा की वजह से विधायक बने हैं। उन्होंने कहा, “अनिल कुमार सपा के बिना भी दो बार विधायक रह चुके हैं। 2022 में अगर वह किसी अन्य दल से भी चुनाव लड़ते, तो भी उनकी जीत निश्चित थी क्योंकि पुरकाजी की जनता उनके साथ है। सपा ने कभी यहाँ से जीत दर्ज नहीं की है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में अपराधी कोतवाली की कुर्सी पर बैठते थे और कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी, जबकि वर्तमान सरकार में हर वर्ग सुरक्षित महसूस कर रहा है।
अनिल गौतम प्रधान के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दलित समाज के किसी भी नेता के खिलाफ ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर कहा कि कैबिनेट मंत्री के सम्मान की रक्षा के लिए पूरा समाज और संगठन उनके साथ खड़ा है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सोमपाल प्रधान खेड़की, आशु नवाज, राजवीर प्रजापति, प्रवीण बढ़ीवाला, संजय प्रजापति, रक्षित प्रजापति, विनीत पाल बसारत चेयरमैन, प्रदीप चौहान, हरद्वारी, प्रवेश, पंकज, दिलशाद, गजेंद्र, सतीश, वीरेंद्र सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














