X बंद करें

मुजफ्फरनगर- ककरौली क्षेत्र में दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत, दोनों वाहनों पर सवार 5 लोग गम्भीर घायल

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना ककरौली क्षेत्र अंतर्गत तेवड़ा-चौरावाला मार्ग पर रविवार दोपहर दो बाइकों के बीच हुई सीधी भिड़ंत ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। ईद की खरीदारी कर घर लौट रहे युवकों की बाइक की सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दोनों ओर के कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना ककरौली क्षेत्र के ग्राम तेवड़ा निवासी नदीम, नसीम, भूरा और शानूर रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे मोरना कस्बे से ईद की खरीदारी कर बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक तेवड़ा-चौरावाला मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून ही खून फैल गया। दूसरी बाइक को थाना ककरौली के ही ग्राम चौरावाला निवासी गौरव पुत्र सतपाल चला रहा था।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन और ककरौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी लहूलुहान घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नदीम, नसीम, भूरा और शानूर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मुजफ्फरनगर सिटी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, इनमें से एक युवक की हालत अत्यंत चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर उपचार हेतु मेरठ के लिए भेज दिया गया है।

घायल नदीम के चाचा शाकिब ने बताया कि घर में ईद की तैयारियां चल रही थीं और बच्चे खुशी-खुशी बाजार सामान लेने गए थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद तेवड़ा और चौरावाला दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन अस्पतालों में अपने बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News