मुजफ्फरनगर- जनपद में पिछले कुछ दिनों से चर्चा में रही एलपीजी गैस की किल्लत और आपूर्ति की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ने शनिवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है और जनता को घबराने या किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नगर स्थित इंडियन ऑयल गैस सर्विस और मैसर्स सख्त इंडेन गैस सर्विस के कार्यालयों व गोदामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान सिलेंडरों की उपलब्धता और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया। पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए बताया कि जनपद में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी (e-KYC) अभी तक लंबित है, उन्हें अभियान चलाकर जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
गैस एजेंसियों के बाद टीम ने आनंदपुरी स्थित मैसर्स मॉडर्न सर्विस स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर पहुंचकर पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता जांची। यहाँ भी टैंकों में पर्याप्त मात्रा में ईंधन पाया गया। इसके साथ ही टीम ने शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग तो नहीं हो रहा है। हालांकि, जांच के दौरान घरेलू गैस के दुरुपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया।
प्रशासन ने सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि वे व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे एलपीजी बुकिंग के लिए केवल अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या ऑयल कंपनियों के आधिकारिक मोबाइल ऐप का ही प्रयोग करें, जिससे बुकिंग और डिलीवरी में पारदर्शिता बनी रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















