मुज़फ्फरनगर- घरेलू गैस आपूर्ति से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कपिल देव ने मेरठ रोड स्थित विकास भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी देशभूषण कमल किशोर कण्डारकर तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुलाकर गैस आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान मंत्री कपिल देव ने क्षेत्र में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में हो रही देरी, वितरण व्यवस्था में अनियमितता तथा उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों पर नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा वितरण प्रणाली में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करने वाले जमाखोरों तथा ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को उचित दर पर समय से गैस उपलब्ध हो सके। इस दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय ने बताया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















