मुजफ्फरनगर- राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर में हुई तरुण खटीक की निर्मम हत्या की गूंज अब मुजफ्फरनगर की सड़कों पर भी सुनाई देने लगी है। गुरुवार देर शाम जनपद का खटीक समाज न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आया। महावीर चौक से शुरू होकर शिव चौक तक निकाले गए एक विशाल कैंडल मार्च के जरिए समाज के लोगों ने न केवल अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया, बल्कि प्रशासन और सरकार को चेतावनी भी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
शहर के हृदय स्थल महावीर चौक पर एकत्रित हुए सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकाला। यह मार्च प्रकाश चौक और झांसी रानी चौक से होता हुआ जब पवित्र शिव चौक पर पहुँचा, तो वहाँ का नजारा बेहद भावुक और गमगीन था। शिव चौक पर सभी प्रदर्शनकारियों ने दिवंगत तरुण खटीक की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाज के प्रतिनिधियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली के उत्तम नगर में जिस प्रकार सनातन धर्म से जुड़े तरुण खटीक की हत्या की गई है, उसने पूरे समाज में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि दिल्ली पुलिस इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरते और फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उन्हें फांसी के फंदे तक पहुँचाया जाए।
इस दौरान वक्ताओं ने समाज के लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की, लेकिन साथ ही यह भी दोहराया कि न्याय में देरी उन्हें बर्दाश्त नहीं होगी। कैंडल मार्च के अंत में समाज के लोगों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि जब तक आरोपियों को उनके किए की कड़ी सजा नहीं मिल जाती, तब तक वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













