मुजफ्फरनगर- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो बोलेरो पिकअप गाड़ियों को कब्जे में लेकर 14 पशुओं को क्रूरता से मुक्त कराया है और मौके से 4 शातिर तस्करों को दबोच लिया है।
नगर कोतवाली प्रभारी बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में रोहाना चौकी इंचार्ज मोहित कुमार और उनकी टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो पिकअप गाड़ियों में अवैध रूप से पशुओं को लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बडकली कट के पास घेराबंदी की और संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ियों के अंदर बेहद अमानवीय तरीके से बांधे गए 1 भैंस, 6 कटड़े और 7 कटड़ियां बरामद हुईं। तस्करों ने पशुओं को इस तरह लाद रखा था कि उनकी जान को खतरा बना हुआ था। पुलिस ने तुरंत सभी 14 पशुओं को बरामद कर सुरक्षित स्थान पर भेजा और दोनों बोलेरो पिकअप को सीज कर दिया।
पुलिस ने मौके से जिन चार आरोपियों शाहिद पुत्र मोहम्मद असगर (निवासी: खादरवाला), इमरान पुत्र मोहम्मद तौफीक (निवासी: बागोवाली), वसीम पुत्र शफीक (निवासी: ग्राम बझेड़ी) व अथरहसन पुत्र अजहर हसन (निवासी: खालापार) को गिरफ़्तार किया है। इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा ने किया। टीम में सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार, सब इंस्पेक्टर बच्चू सिंह, सब इंस्पेक्टर सहीराम नागर और उनकी टीम के अन्य कांस्टेबल शामिल रहे।
नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि जनपद में पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ अभियान इसी तरह जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













