मुजफ्फरनगर- नगर के रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित ब्लिंकिट स्टोर के बाहर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक पार्किंग को लेकर बिल्डिंग ओनर और डिलीवरी राइडर्स के बीच हंगामा हो गया। आरोप है कि स्टाफ और एक डिलीवरी बॉय के बीच हाथापाई तक हो गयी। जिसके विरोध में शहर के करीब 300 डिलीवरी राइडर्स ने एकजुुठ होकर काम बंद कर दिया और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद शनिवार दोपहर उस समय शुरू हुआ जब एक राइडर ने अपनी बाइक स्टोर के सामने खड़ी की। इसी बात को लेकर बिल्डिंग मालिक और ऑफिस स्टाफ की राइडर से तीखी बहस हो गई। बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। पीड़ित डिलीवरी बॉय अमित वर्मा का आरोप है कि बिल्डिंग ओनर ने उनके साथ न केवल अभद्रता की बल्कि सरेराह मारपीट भी की। घटना की सूचना मिलते ही शहर भर के ब्लिंकिट राइडर्स मौके पर जमा हो गए और स्टोर के बाहर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हड़ताल पर बैठे राइडर्स का गुस्सा केवल पार्किंग तक सीमित नहीं है। अमित वर्मा और अन्य साथियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें एक ऑर्डर पूरा करने पर बहुत कम भुगतान किया जाता है, जिससे उनकी लागत भी नहीं निकल पाती। राइडर्स का कहना है कि कंपनी की ओर से न तो उचित पार्किंग सुविधा दी गई है और न ही विवाद की स्थिति में कोई सुरक्षा। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्टोर मैनेजर और कंपनी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सैकड़ों राइडर्स के एक साथ काम बंद करने से मुजफ्फरनगर शहर में ब्लिंकिट की ग्रोसरी डिलीवरी सेवा पूरी तरह चरमरा गई है। हजारों ग्राहकों के ऑर्डर पेंडिंग हो गए हैं। गुस्से में आए कई राइडर्स ने मौके पर ही नौकरी छोड़ने तक का एलान कर दिया है। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक मारपीट करने वाले बिल्डिंग मालिक पर कार्रवाई नहीं होती और पार्किंग व भुगतान से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक एक भी ऑर्डर डिलीवर नहीं किया जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













