मुजफ्फरनगर- पुलिस चौकी से 200 मीटर दूर फार्म हाउस में चौकीदार की ईंटों से कूचकर निर्मम हत्या

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद में बेखौफ बदमाशों ने नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (NH-58) पर दुस्साहस का परिचय देते हुए बीबीपुर पुलिस चौकी के बिल्कुल करीब एक फार्म हाउस में चौकीदार की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने पहचान छिपाने और दहशत फैलाने के इरादे से मृतक के चेहरे को ईंट-पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय हुसनपाल के रूप में हुई है, जो पिछले काफी समय से इस फार्म हाउस की रखवाली कर रहे थे। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण फार्म हाउस की ओर गए, तो वहां हुसनपाल का क्षत-विक्षत शव देख उनके होश उड़ गए। हमलावरों ने इतनी क्रूरता दिखाई कि मृतक का चेहरा पहचान में भी नहीं आ रहा था। कमरे के बाहर फैला खून चीख-चीख कर वारदात की भयावहता बयां कर रहा था।

घटना के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है। पत्नी कविता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि हुसनपाल एक बेहद सीधे और मेहनती इंसान थे, जो चौकीदारी कर परिवार का पेट पाल रहे थे। कल रात से ही परिजन उन्हें फोन लगा रहे थे, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। सुबह उनकी मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। ग्रामीणों ने इस बर्बरता पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए हत्यारों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की है।

पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए गए हैं। ​नई मंडी पुलिस का कहना है कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के फुटेज को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News