मुजफ्फरनगर- शहर की सड़कों पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम नागरिकों को निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि अब मेरठ-भैसाली डिपो से आने वाली रोडवेज बसें दिन के समय शहर के भीतर प्रवेश नहीं कर सकेंगी।
जिलाधिकारी कक्ष में आयोजित इस बैठक में शहर के सम्भ्रान्त नागरिकों से प्राप्त सुझावों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, ईओ नगरपालिका प्रज्ञा सिंह और रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। जिसमें मेरठ आवागमन हेतु रोडवेज बसों के संचालन को नगर क्षेत्र में केवल रात्रि में छूट दी गयी। जबकि दिन में उक्त बसें नगर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी।
रोडवेज बसों के लिए लागू हुए नए नियम
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित आदेश जारी किए हैं जिसमें राणा वहलना चौक बनेगा टर्मिनल, मेरठ भैसाली डिपो से आने वाली सभी बसें प्रातः 08:00 बजे से सायं 08:00 बजे तक राणा वहलना चौक से ही संचालित होंगी। इन्हें शहर के अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही रात 08:00 बजे से सुबह 08:00 बजे तक रोडवेज बसें पहले की तरह शहर क्षेत्र के भीतर संचालित की जा सकेंगी।
मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज बसों द्वारा महावीर चौक या जीआईसी मैदान के पास न तो कोई सवारी उतारी जाएगी और न ही बैठाई जाएगी। जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए बसों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जानसठ पुल के नीचे उचित स्थान पर (जहाँ मार्ग अवरुद्ध न हो) सवारी उतारें और बैठाएं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी बस चालकों और रोडवेज कर्मियों से इस नई व्यवस्था में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में बेतरतीब ट्रैफिक और जाम के कारण एम्बुलेंस और आम राहगीरों को होने वाली परेशानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस को इन नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मेरठ हेतु बाईपास से मिलेगी बस
प्रशासन द्वारा नगर को जाम से मुक्त कराने हेतु रोडवेज़ बसों के संचालन में तो फ़ेरबदल कर दिया है लेकिन आम जनमानस को इससे समस्यायें भी होना तय माना जा रहा है। नगर क्षेत्र के लोग रोडवेज़ बस स्टैंड तक आसानी से पहुँच कर अपनी बस पकड़ लेते थे परंतु अब मेरठ जाने हेतु पहले यात्रियों को राणा चौक जाना पड़ेगा। आपको बता दे ये व्यवस्था कुछ वर्षों पूर्व भी की गई थी जो ज्यादा समय तक नहीं चल सकी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













