मुज़फ्फरनगर- गाँधी कॉलोनी स्थित ‘द लर्निंग ट्री स्कूल’ में विद्यालय का वार्षिक उत्सव ‘प्रारंभ 2026′ अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर परिसर बच्चों की प्रतिभा, संस्कारों एवं सांस्कृतिक मूल्यों की सुंदर झलक से सराबोर दिखाई दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, डायरेक्टर श्रीमती कीर्ति रल्हन व प्रधानाचार्या श्रीमती सुगंधा कपूर के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। शिव तांडव, गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, रेट्रो थीम डांस तथा स्पोर्ट्स थीम डांस जैसी विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कला, आत्मविश्वास एवं अनुशासन का अद्भुत परिचय दिया। प्रत्येक प्रस्तुति में बच्चों की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं रचनात्मकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही थी।

विद्यार्थियों की ऊर्जावान एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने शुभाशीर्वचन में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। द लर्निंग ट्री स्कूल न केवल शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी सुंदर बीजारोपण कर रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, परिश्रम करने तथा अपने माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिवार को इस भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों के रूप में
आईआईए के मुख्य सचिव एवं भाजपा नेता कुशपुरी, सभासद अमित पटपटिया, प्रमोद अरोरा, अशोक डोडा एवं श्रीमती साधना मेहता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














