मुजफ्फरनगर- जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बझेड़ी में सोमवार शाम इमाम को लेकर दो पक्षों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। मस्जिद में इमाम की छुट्टी को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ सीओ नई मंडी राजू साव मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
पुरानी रंजिश और इमाम का विवाद बना कारण
सीओ नई मंडी राजू साव ने बताया कि बझेड़ी गांव में हाजी मूसा और फूल मियां के परिवारों के बीच काफी समय से रंजिश चली आ रही है। सोमवार शाम करीब 5:15 बजे मस्जिद में इमाम के मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। चूंकि दोनों पक्षों के घर आमने-सामने हैं, इसलिए विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लोग जमा हो गए और आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट शुरू हो गई।
फायरिंग से गांव में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, झगड़े के दौरान फूल मियां पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। ग्रामीणों ने करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलने की बात कही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि फायरिंग की इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, जिसमें फायरिंग की पूरी घटना कैद होना बताया जा रहा है।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई, विपक्षी हिरासत में
सीओ राजू साव ने बताया कि पीड़ित पक्ष हाजी मूसा की ओर से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष (फूल मियां पक्ष) के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













