मुजफ्फरनगर की बेटी विधि आहूजा ने पहले प्रयास में फहराया सफलता का परचम, बिना कोचिंग NET परीक्षा में हासिल किए 99.56 परसेंटाइल

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- (NET) जनपद की होनहार बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि हौसले बुलंद हों और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो बिना कोचिंग के भी देश की कठिनतम परीक्षाओं में सफलता पाई जा सकती है। शहर की विधि आहूजा ने ऑल इंडिया लेवल की UGC-NET (दिसंबर 2025) परीक्षा में होम साइंस विषय में 99.56 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

बिना कोचिंग, पहले ही प्रयास में सफलता

संजय आहूजा व पूजा आहूजा की सुपुत्री विधि आहूजा ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है। खास बात यह है कि विधि ने इस परीक्षा के लिए किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया और अपनी मेहनत व स्वाध्याय (Self-study) के बल पर 16,608 प्रतियोगियों के बीच शीर्ष स्थान बनाया। उनके स्कोर कार्ड के अनुसार, उन्होंने 300 में से 206 अंक प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता हासिल की है।

अभिभावकों में खुशी की लहर

विधि की इस सफलता पर उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों का कहना है कि विधि शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और उसकी इस उपलब्धि ने अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा पेश की है। विधि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और निरंतर कठिन परिश्रम को दिया है।

विधि हासिल कर चुकी हैं स्वर्ण पदक

मुजफ्फरनगर की इस बिटिया ने मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दो-दो स्वर्ण पदक से पुरुस्कार भी हासिल किए हैं। एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स मुजफ्फरनगर की छात्रा विधि को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय (सहारनपुर) से 89.1 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 20 सितंबर 2025 को विश्वविद्यालय में सभी विज्ञान संकाय विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा एमएससी गृह विज्ञान (आहार तथा पोषण) विषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कुलपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News