मुज़फ्फरनगर- गांधी कॉलोनी के “द लर्निंग ट्री स्कूल” में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह पर्व विद्या, ज्ञान और सृजन की देवी माँ सरस्वती को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद के साथ किया गया।
यह भी देखें- सुरक्षा की तैयारी में जुटा प्रशासन, मुज़फ्फरनगर में ब्लैकआउट के साथ हुई मॉकड्रिल
इस अवसर पर नन्हे विद्यार्थियों द्वारा अक्षरारंभ संस्कार किया गया, जिसमें बच्चों ने पहली बार लेखन करते हुए माँ सरस्वती से ज्ञान एवं बुद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में विद्यालय में पतंग सजावट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी और रचनात्मक पतंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन रंग संयोजन, रचनात्मकता एवं स्वच्छ प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
पूरे विद्यालय परिसर में पीले रंग की सजावट, बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने वसंत ऋतु के आगमन को जीवंत बना दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों, रचनात्मक सोच एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित करने का एक सार्थक प्रयास रहा। विद्यालय परिवार की ओर से यह प्रार्थना की गई कि माँ सरस्वती की कृपा से सभी विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, सफलता और उज्ज्वल भविष्य का संचार हो।

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














