मुजफ्फरनगर- वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर राजमाता अहिल्याबाई होल्कर द्वारा निर्मित मंदिर व धार्मिक संरचनाओं से छेड़छाड़, मूर्तियों व धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों तथा विरोध करने पहुंचे श्रद्धालुओं व पाल समाज पर हुए लाठीचार्ज और दर्ज मुकदमों के विरोध में बुधवार को पाल समाज के सैकड़ों लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले में न्याय की मांग की और कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, न कि शांतिपूर्ण विरोध करने वालों पर मुकदमे।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी से जुड़ी धार्मिक धरोहरों के साथ छेड़छाड़ व बदलाव की स्थिति बेहद गंभीर है। उनका कहना था कि मंदिर, मूर्तियां और धार्मिक चिह्न सनातन आस्था का प्रतीक हैं, जिनके साथ किसी भी तरह की तोड़फोड़ या छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाज के लोगों ने मांग की कि मंदिर व संरचनाएं जैसे हैं, वैसी ही यथावत रखी जाएं और किसी भी प्रकार के बदलाव पर तत्काल रोक लगाई जाए।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, जब श्रद्धालु और पाल समाज के लोग अपनी धार्मिक भावना के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया और कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए गए। समाज के लोगों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ मुकदमे लिखना न्यायोचित नहीं है। इससे समाज में आक्रोश बढ़ा है और लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि मणिकर्णिका घाट स्थित राजमाता अहिल्याबाई होल्कर जी द्वारा बनवाए मंदिर व संरचनाओं को यथावत सुरक्षित रखा जाए, मंदिर-मूर्तियों व धार्मिक चिह्नों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़,तोड़फोड़ या बदलाव पर तुरंत रोक लगाई जाए, धार्मिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों की निष्पक्ष जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाए, विरोध करने पहुंचे श्रद्धालुओं और पाल समाज के युवाओं पर दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस कराए जाएं तथा लाठीचार्ज कराने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर विभागीय व वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान अखिल भारतीय पाल महासभा जिला अध्यक्ष शिवकुमार पाल, महानगर अध्यक्ष सुनील कुमार पाल, समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पांकर पाल, मंडल अध्यक्ष पाल भाईचारा कमेटी,आजाद समाज पार्टी जगदीश पाल, मोहन प्रजापति,राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा, रमेश पाल जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष सामाजिक न्याय मंच, राष्ट्रीय लोकदल के हरेंद्र पाल, समाजवादी पार्टी वरिष्ठ नेत्री दीप्ति पाल, मोनू पाल रालोद जिला महासचिव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














