लखनऊ- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी जनवरी माह में पूरे राज्य में “सड़क सुरक्षा माह” मनाये जाने का निर्देश दिया है। इस दौरान 4 ई मॉडल-“शिक्षा, प्रवर्तन, अभियंत्रण और आपातकालीन देखभाल” पर ध्यान दिया जाएगा। सूबे में लगातार सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी को लेकर सीएम चिंतित दिखे, जिसके लिए उन्होंने सड़क सुरक्षा माह के आयोजन के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक प्रदेशव्यापी सड़क सुरक्षा माह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल चालान करना सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो लोग आदतन यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
सीएम ने कहा कि नए वर्ष की शुरुआत औपचारिक आयोजनों से नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर ठोस संकल्प के साथ होनी चाहिए। आंकड़ों के मुताबिक नवंबर 2025 तक राज्य में कुल 46 हजार दो सौ 23 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई, जिनमें 24 हजार सात सौ 76 लोगों की जान चली गई। जिसके बाद सीएम ने सड़क सुरक्षा माह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।


















