लखनऊ- कैबिनेट मंत्री व पुरकाजी विधायक ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और आभार व्यक्त करते हुए डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट की। दरअसल 06 दिसंबर 2025 को भारत रत्न, संविधान निर्माता, सामाजिक न्याय के महान पुरोधा डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की उत्तर प्रदेश में स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं की सुरक्षा का दायित्व अब राज्य सरकार स्वयं उठाएगी।”
यह निर्णय प्रदेश के दलित समुदाय, वंचित वर्ग तथा समस्त अंबेडकर अनुयायियों की भावनाओं के सम्मान एवं उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा प्रतिमाओं से छेड़छाड़, क्षति या अपमानजनक व्यवहार की किसी भी घटना पर अब पूर्ण प्रतिबंध होगा और सरकार स्वयं इसकी निगरानी व संरक्षण सुनिश्चित करेगी।
इसके साथ ही सीएम योगी ने यह भी आश्वासन दिया कि जहाँ-जहाँ डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएँ स्थापित हैं, वहाँ मजबूत बाउंड्री का निर्माण कराया जाएगा। प्रतिमाओं के ऊपर आकर्षक एवं सुरक्षित छत्र लगाए जाएँगे, जिससे न केवल सुरक्षा सुदृढ होगी, बल्कि इन स्थलों की गरिमा और सौंदर्य भी बढ़ेगा।
आज इसी महत्वपूर्ण घोषणा के संदर्भ में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट कर व्यक्तिगत रूप से,साथ ही दलित समाज,वंचित समुदाय तथा सभी अंबेडकर अनुयायियों की ओर से उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक प्रशस्ति पत्र तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट की गई। यह भेंट प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए इस ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष रामआशीष राय, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ एवं प्रेस प्रवक्ता रोहित अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष राजस्थान जोगेंद्र सिंह अवाना भी मौजूद रहे।














