X बंद करें
   

ईशा ग्रामोत्सवम् में मुजफ्फरनगर का परचम, दतियाना सुपर किंग टीम ने यूपी में प्रथम स्थान प्राप्त कर रचा गौरवशाली इतिहास

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

X

मुजफ्फरनगर- ईशा ग्रामोत्सवम् के 18वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर परम आदरणीय सद्गुरु के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को भी इस आयोजन से जोड़ा गया। ग्राम्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और ग्रामीण खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाले इस आयोजन में मुजफ्फरनगर जनपद की दतियाना सुपर किंग टीम ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और अदम्य उत्साह का शानदार परिचय देते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

ईशा ग्रामोत्सवम् के अंतर्गत मुजफ्फरनगर जनपद के क्लस्टर स्तर के मैच 25 एवं 26 जुलाई को आयोजित हुए, जिसमें दतियाना सुपर किंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके पश्चात क्लस्टर स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली दतियाना एवं हरसौली की टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए लखनऊ ले जाया गया। 16 अगस्त 2026 को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय मुकाबलों में दतियाना सुपर किंग टीम ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करते हुए अन्य चार क्लस्टरों से आई टीमों को कड़ी चुनौती दी और अंततः पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया।

यह उपलब्धि केवल दतियाना या मुजफ्फरनगर की नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभा, खेल भावना और सामूहिक प्रयास की एक प्रेरणादायक मिसाल है। दतियाना सुपर किंग टीम अब कोयम्बटूर में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित टीमों के साथ मुकाबला करेगी। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर 2026 को कोयम्बटूर में आयोजित होगा। दतियाना सुपर किंग टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी विजुल कुमार, लक्ष चौधरी, आर्यन कुमार, प्रियांशु, अंशुल, वंश कुमार, अभिनव कुमार, सार्थक चौधरी, वंश एवं विशाल ने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ी निश्चित रूप से बधाई एवं प्रशंसा के पात्र हैं।

इस सफलता के पीछे टीम के सभी वॉलंटियर्स का योगदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। जिन्होंने दिन-रात की परवाह किए बिना पूरी निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाने में अपना 100 प्रतिशत योगदान दिया। उनका परिश्रम और सेवा भावना भी इस विजय का अभिन्न हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मुजफ्फरनगर की दतियाना सुपर किंग टीम को संजय राय एवं शिवेन्द्र सिंह द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News