X
मुजफ्फरनगर- नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव वीरेंद्र चंदेल का स्थानांतरण होने के बाद हापुड़ से मुजफ्फरनगर पहुंचीं नवनियुक्त मंडी सचिव नीलिमा गौतम का व्यापारियों ने स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद ‘द गुड़ खांडसारी एंड ग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष संजय मित्तल के नेतृत्व में मंडी से जुड़े प्रमुख व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे शिष्टाचार भेंट करने पहुंचा। इस दौरान व्यापारियों ने नए सचिव से मंडी की विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
गुड़ माफियाओं के अवैध कारोबार पर लगे रोक- संजय मित्तल
वार्ता के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल ने नवनियुक्त सचिव को मंडी की सबसे बड़ी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में तैयार होने वाला भारी मात्रा में गुड़ मुख्य मंडी परिसर में नहीं पहुंच पा रहा है। सक्रिय गुड़ माफिया अवैध तरीके से मंडी शुल्क (टैक्स) की चोरी कर इस गुड़ को सीधे अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहे हैं। व्यापारियों ने मांग की कि आने वाले नए पेराई सीजन में इस अवैध गुड़ कारोबार की कमर तोड़ी जाए और सख्त चेकिंग चलाकर सारा गुड़ मंडी के अंदर लाया जाए। ऐसा होने से मंडी में बैठे ईमानदार व्यापारी निर्भीक होकर अपना व्यापार कर सकेंगे, मंडी समिति को पूरा राजस्व (शुल्क) मिलेगा और मंडी में काम करने वाले हजारों पल्लेदारों, मजदूरों व कर्मचारियों को भी उनकी सही रोजी-रोटी मिल सकेगी।
समस्याओं के त्वरित निस्तारण का मिला आश्वासन
व्यापारियों की चिंताओं को गंभीरता से सुनते हुए नवनियुक्त मंडी सचिव नीलिमा गौतम ने उन्हें आश्वस्त किया कि मंडी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। टैक्स चोरी करने वाले और अवैध रूप से गुड़ बाहर भेजने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनके हितों की रक्षा की जाएगी और मंडी से जुड़ी हर जायज समस्या का समय रहते त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर मुख्य रूप से एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मित्तल, प्रमुख चावल व्यापारी अंकित गर्ग, सुरेंद्र बंसल, अरविंद गोयल, राजेंद्र सिंघल, मनमोहन मुंदड़ा, राजेश गोयल सहित मंडी के अनेक गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













