X बंद करें
   

मुजफ्फरनगर में बिजली विभाग का बड़ा ऐक्शन, सुजड़ू में 7 कटिया चोरों पर FIR, शहरभर में 150 बड़े बकायेदारों के कटे कनेक्शन

By प्रशांत खत्री

Published On:

X

मुज़फ्फरनगर- (बिजली चोरी) भीषण गर्मी में जहाँ एक ओर बिजली की ख़पत बढ़ती जा रही है तो दूसरी तरफ़ बिजली की चोरी करने वालों से विद्युत विभाग के राजस्व को बड़ा नुकसान भी हो रहा है। जिसके चलते बिजली विभाग के अधिकारी लगातार बिजली चोरों को चिन्हित कर कार्यवाही कर रहे हैं। गतरात भी जनपद के खालापार, सुजड़ू आदि क्षेत्रों में गाड़ी द्वारा चोरी ना करने की अपील कराई है।

इसी क्रम में मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव एवं अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को विद्युत विभाग की रेड टीम और प्रवर्तन दल (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीमों ने 33/11 केवी सुजड़ू उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले हाई लाइन लॉस (अत्यधिक बिजली चोरी वाले) क्षेत्रों में औचक छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे बिजली चोरों में हड़कंप मच गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सुजड़ू क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 7 उपभोक्ता सीधे खंभे से मीटर से पहले केबल में कट/कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। विभाग ने इन सभी 7 आरोपियों के खिलाफ विद्युत थाने में मुकदमा (FIR) दर्ज कराया है। इसके साथ ही चेकिंग के दौरान 2 संदिग्ध मीटर भी पाए गए, जिन्हें मौके पर सील कर गहन जांच के लिए मीटर टेस्टिंग लैब भेजा गया है।

शहरभर में चला हंटर, काटे 150 कनेक्शन

सुजड़ू में बिजली चोरी पकड़ने के साथ-साथ मुजफ्फरनगर शहर के अलग-अलग इलाकों में विभागीय टीमों ने एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान लंबे समय से बिल न भरने वाले और बार-बार चेतावनी के बाद भी लापरवाही बरतने वाले 150 से अधिक बड़े विद्युत बकायेदारों के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। इस बड़ी और संयुक्त कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता (रेड) राघवेंद्र कुमार, अवर अभियंता (रेड) दिलीप कुमार व शीशराम, प्रवर्तन दल के प्रभारी अमित गोस्वामी, अवर अभियंता (प्रवर्तन दल) प्रदीप कुमार शर्मा सहित भारी संख्या में लाइन स्टाफ और पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा।

विद्युत विभाग की अपील

बिजली विभाग ने आमजन और सम्मानित उपभोक्ताओं से पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी सूरत में बिजली की चोरी न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई या असुविधा से बचने के लिए अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान समय से सुनिश्चित करें। विभाग ने साफ किया है कि बिजली चोरी और बकाया न चुकाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com