X
मुज़फ्फरनगर- जनपद में बिजली विभाग की जबरदस्त कार्यवाही सामने आई है। गाँव शेरनगर में बिजली बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाया गया है जिसमें 40 उपभोक्ताओं जिनपर क़रीब 7 लाख रुपये बकाया बताए जा रहे हैं उनके विद्युत कनेक्शन काट दिए गए हैं। दरअसल क्षेत्र में बिजली बकायेदारों से भुगतान वसूली हेतु आज शनिवार को बिजली विभाग की टीम पहुँची थी। जहां से 4.50 लाख रुपये वसूली भी की गई है।
मुख़्य अभियंता विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार यादव एवं अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को विद्युत विभाग ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। 33/11 केवी उपकेंद्र शेरनगर के अंतर्गत चलाए गए इस औचक चेकिंग और बिजली विच्छेदन (कनेक्शन काटने) के अभियान से पूरे क्षेत्र के बिजली चोरों और बकायेदारों में हड़कंप मच गया।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ) ई० सत्येन्द्र कुमार, ई० राघवेन्द्र सिंह और ई० दिनेश कुमार गुप्ता ने विभागीय अवर अभियंताओं (जेई) व विजिलेंस टीम के साथ मिलकर किया। टीम ने गांव शेरनगर में घर-घर जाकर सघन चेकिंग की, जिसके तहत लंबे समय से बिल जमा न करने वाले लगभग 40 बड़े बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। कार्रवाई के दौरान विभाग ने सख्ती दिखाते हुए करीब 50 उपभोक्ताओं से मौके पर ही लगभग 4.5 लाख रुपये की बकाया राशि भी जमा कराई।
चेकिंग के दौरान 14 उपभोक्ताओं के बिजली मीटर खराब या थमे हुए पाए गए, जिन्हें टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही नए मीटरों से बदल दिया। वहीं, जांच में एक उपभोक्ता द्वारा बिजली चोरी का गंभीर मामला भी सामने आया, जिसमें उसने अपने मीटर में शंट (Sunt) लगाकर उसकी रफ्तार को धीमा किया हुआ था। विभाग ने इस चोरी को पकड़कर उपभोक्ता के खिलाफ थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













