X
मुजफ्फरनगर- विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद हस्तिनापुर (विकास रत्न) प्राप्त नगर इकाई मुजफ्फरनगर द्वारा एक भव्य “वसुंधरा बचाओ जन-जागृति रैली” का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनता को पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक को छोड़कर पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने के प्रति जागरूक करना था। रैली में परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों और मातृशक्ति ने भारी उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
रैली के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए व्यापारी नेता संजय मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक बड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा कि हमारा अंतिम लक्ष्य एक ऐसे जागरूक समाज का निर्माण करना है, जहाँ देश का प्रत्येक नागरिक गर्व के साथ खुद को “हरित मित्र” कह सके। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों और आमजन से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने, पानी की बर्बादी रोकने, प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने तथा ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लेने का पुरजोर आह्वान किया।
इस जन-जागृति रैली के मार्ग में जगह-जगह लोगों को पर्यावरण और जल बचाने से संबंधित नारे और संदेशों के माध्यम से जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने एक स्वच्छ, हरित और जागरूक भारत के निर्माण के लिए निरंतर जमीनी स्तर पर कार्य करने की शपथ ली। इस अवसर पर श्री अनुराग दुबलिश सरल माधव, हर्षवर्धन जैन, विशाल शर्मा, शलभ गुप्ता, परिषद अध्यक्ष कांति राठी, पुरुषोत्तम सिंघल, अंजलि गर्ग, दीपक गर्ग, प्रीत वर्धन शर्मा, विनय गर्ग, विनीत गुप्ता, अरुण जी, अवनीश जी, शरद ऐरन एडवोकेट, नवनीत जी, राजेंद्र सिंघल और अंकुर गुप्ता सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














