X
मुजफ्फरनगर- अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे रेलवे डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने स्टेशन परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें स्टेशन पर बन रहे फुट ओवर ब्रिज (FOB) को शहर की तरफ विस्तारित करने की वर्षों पुरानी जनहितकारी मांग को प्रमुखता से उठाया गया।
वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने डीआरएम को अवगत कराया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यदि वर्तमान निर्माण के दौरान ही इस फुट ओवर ब्रिज का विस्तार शहर की ओर कर दिया जाए, तो इससे हजारों नागरिकों, व्यापारियों, मजदूरों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उचित रास्ता न होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और भविष्य में भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को बताया कि इस मांग को लेकर पिछले कई वर्षों से प्रयास जारी हैं। इस संबंध में वर्तमान सांसद हरेंद्र मलिक के माध्यम से रेलवे विभाग को मांग पत्र भेजा गया था, जिन्होंने खुद रुचि लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर इसके विस्तार की संस्तुति कराई थी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप भी इस विस्तार के लिए अपने मांग पत्र व्यापार मंडल के माध्यम से रेलवे विभाग को भेज चुके हैं। इसके अलावा पूर्व में स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों द्वारा एक बड़ा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा चुका है।
व्यापारियों ने बताया कि तकनीकी अधिकारियों ने भी अपने पिछले निरीक्षण में इस कार्य को तकनीकी रूप से पूरी तरह संभव बताया है। इसलिए व्यापार मंडल की मांग है कि इसकी फाइनल ड्राइंग और स्वीकृति जल्द जारी कर इसे अमृत भारत योजना में शामिल किया जाए।
डीआरएम ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन
डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने व्यापार मंडल की इस मांग को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस विषय में जल्द ही आवश्यक रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी और नियमानुसार आगे की उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अवसर पर संजय मित्तल के साथ नई मंडी उद्योग व्यापार मंडल इकाई के महामंत्री मुदित जैन, शहर इकाई के कोषाध्यक्ष अमित राय जैन, सुभाष मित्तल, नीरज गांधी, संजय बंसल, दिनेश बंसल, नवनीत गोयल, अनुराग सिंघल, प्रमोद त्यागी और पुनीत सिंघल सहित कई अन्य व्यापारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।













