X
मुजफ्फरनगर- तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित दण्डी आश्रम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग बृहस्पतिवार को उत्साह और संकल्प के साथ संपन्न हुआ। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के तहत आयोजित इस शिविर के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार सेवा और सुशासन के जिस संकल्प पर काम कर रही है, उसे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन के अनुशासित कार्यकर्ताओं की है।

कार्यकर्ता ही संगठन की असली शक्ति- स्वतंत्र देव
समापन सत्र को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी मशीन नहीं, बल्कि विचारधारा का संवाहक है। उन्होंने ‘सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं क्रियान्वयन’ विषय पर बोलते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित करना ही संगठन का मूल उद्देश्य है।

जिला प्रशिक्षण वर्ग में सभी अतिथियों ने लगाई गई बहुत ही सुंदर प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया और प्रदर्शनी की सराहना की गई,प्रदर्शनी के संयोजक जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग ने सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया।

दो दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण शिविर में कुल 11 सत्र आयोजित किए गए, जिसमें चुनाव प्रबंधन से लेकर राष्ट्रवाद तक के विषयों पर मंथन हुआ।
प्रथम सत्र: एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी ने ‘कार्य विस्तार और चुनाव प्रबंधन’ पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सूक्ष्म प्रबंधन और मतदाता संपर्क का मंत्र दिया।
द्वितीय सत्र: पूर्व मंत्री अशोक कटारिया ने ‘कार्य पद्धति’ विषय पर प्रशिक्षण देते हुए बताया कि भाजपा की कार्य संस्कृति ही उसे अन्य दलों से अलग और मजबूत बनाती है।
तृतीय सत्र: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने ‘देश के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर कहा कि वर्तमान वैचारिक संघर्ष के दौर में कार्यकर्ताओं को सकारात्मक नेरेटिव के साथ जनता के बीच जाना होगा।

प्रशिक्षण वर्ग के सफल समापन पर जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने कहा कि यह शिविर कार्यकर्ताओं को सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, राज्य महिला आयोग की सदस्या सपना कश्यप सहित कई पूर्व विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिविर के अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन के तमाम जिला उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों और सांगठनिक मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। शुकतीर्थ की पावन धरा से भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को न केवल चुनावी रणनीति सिखाई, बल्कि वैचारिक मजबूती और सामाजिक समरसता का पाठ पढ़ाकर आगामी चुनौतियों के लिए तैयार किया है।

जिला प्रशिक्षण वर्ग में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डाॅ. संजीव बालियान, सहारनपुर विधायक राजीव गुम्बर, एमएलसी वन्दना वर्मा, डाॅ. पुरूषोत्तम, जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, प्रमोद उटवाल, जिला उपाध्यक्ष विनीत कात्यान, रोहताश पाल, विशाल गर्ग, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी, विजय प्रजापति, अंजलि चैधरी, आंचल तोमर, सचिन पावटी, श्वेता कौशिक, जिला महामंत्री शरद शर्मा, सुनील दर्शन, संजय गर्ग, जिला मंत्री प्रमेश सैनी, रविकांत पाल, रविन्द्र गुर्जर, ममता अग्रवाल, अनुज सहरावत, अभिषेक चैधरी गुर्जर व पवन अरोरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















