X
लखनऊ- प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत देश को सम्बोधित करते हुए जो अपील की थी उसका असर अब यूपी में भी दिखने लगा है। एक तरफ़ आज सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जिसमें उन्होंने ईंधन की खपत कम करने तथा पीएम के आह्वान को प्रदेश में व्यवहारिक रूप से अपनाए जाने की अपील की है।
मंत्री कपिल देव ने दिल्ली से लौटते वक्त मेट्रो में किया सफ़र
सीएम योगी ने कहा कि सरकारी भवनों, घरों, निजी प्रतिष्ठानों आदि में अनावश्यक बिजली का प्रयोग न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों से विद्युत बचाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को प्रोत्साहित किया जाए।
मंत्रियों के काफिले में गाड़ियों की कटौती
वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल व डीजल की खपत कम करने की अपील की थी जिसके बीच आज सीएम योगी ने उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अपने काफ़िले में गाड़ियों की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी करने के निर्देश दिए तो वहीं मंत्रियों आदि की फ्लीट में भी तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत की कमी करने के निर्देश दे दिए हैं।
प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ‘वर्क फ्रॉम होम’ को भी प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कार्मिक कार्यरत हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन WFH की अनुशंसा के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। राज्य सचिवालय/निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी वर्चुअली की जाएं। उन्होंने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग तथा ईवी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए।
शादियों में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें…
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में भी हेरिटेज, ईको साइट्स, किले समेत अनेक अच्छे स्थल हैं, वहां भी डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों, शादियों समेत विभिन्न आयोजनों में भारत में बने उपहारों, उत्पादों एवं हस्तशिल्प सामग्रियों को बढ़ावा दें, तथा खाद्य सामग्रियों में तेल का प्रयोग कम किया जाए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अनावश्यक सोने की खरीद न करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन, व्यापारियों आदि के साथ भी बैठक कर उनकी चिंताओं को दूर करे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














