X
मुजफ्फरनगर- नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने आज मुजफ्फरनगर की गुड़ मंडी में हुई भीषण अग्निकांड की दुःखद घटना के उपरांत प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। विदित हो कि 07 मई को गुड़ मंडी स्थित व्यापारी शुभम गुप्ता एवं प्रवीण गुप्ता की दुकान में आग लगने के कारण भारी क्षति हुई थी। घटना की सूचना प्राप्त होते ही मंत्री कपिल देव अग्रवाल मौके पर पहुँचे और अग्नि पीड़ित व्यापारियों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि सरकार और प्रशासन संकट की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके से ही निदेशक मंडी समिति एवं अन्य संबंधित उच्चाधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश दिए कि तत्काल घटना स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर नुकसान का सटीक आंकलन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार देय सहायता राशि एवं अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराने हेतु अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा मंडी परिसर में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी समाज हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और आग लगने के कारण व्यापारियों को जो आर्थिक एवं मानसिक क्षति हुई है वह अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन और मंडी समिति के अधिकारियों को पीड़ितों को हर संभव प्रशासनिक सहयोग और सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। इस अवसर पर मंडी समिति अध्यक्ष संजय मित्तल, भाजपा नेता जितेन्द्र कुच्छल, अंचित मित्तल, ब्रह्मप्रकाश शर्मा, अंकित गर्ग चावल व्यापारी, हरीशंकर तायल, पवन गोयल, नवनीत जैन एवं समिति के पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














