X
मुजफ्फरनगर- जनपद के मुख्य शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने और आगामी गर्मियों में निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा कल यानी शुक्रवार को महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। अधिशासी अभियंता (तकनीकी/एडमिन) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को 33/11 केवी उपकेंद्र महावीर चौक पर 10MVA के पावर परिवर्तक संख्या-2 को बदलने का कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
इस कार्य के चलते कल सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक उक्त ट्रांसफार्मर से जुड़े प्रकाश रोड, रेलवे रोड और फक्करशाह चौक फीडर के लोड को दूसरे परिवर्तक पर शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत और बदलाव के दौरान वैकल्पिक स्रोतों से बिजली आपूर्ति बनाए रखने के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो।
विद्युत विभाग ने चेतावनी भी जारी की है कि वर्तमान में बढ़ते तापमान और बिजली की बढ़ती मांग के कारण लोड शिफ्टिंग के दौरान फीडर ओवरलोड हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए अन्य पोषकों (फीडरों) पर आवश्यकतानुसार 3-3 घंटे के रोटेशनल शटडाउन लिए जा सकते हैं।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
अधिशासी अभियंता ने प्रकाश रोड, रेलवे रोड और फक्करशाह चौक सहित संबंधित क्षेत्रों के निवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस कार्य के समय को ध्यान में रखते हुए अपनी वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर लें और विभाग का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन जानकारी या शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने ‘राष्ट्र हित में बिजली बचाने’ का संदेश देते हुए उपभोक्ताओं से बिजली का सीमित एवं सही उपयोग करने की भी अपील की है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













