X
मुजफ्फरनगर- आगामी 2 अप्रैल को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध ‘श्री बालाजी जन्मोत्सव’ की भव्यता और सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। देश की सबसे विशालतम और भव्य शोभायात्राओं में शुमार इस धार्मिक आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज श्री बालाजी मंदिर परिसर में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने की, जिसमें उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा, सफाई और सुगमता का पूरा खाका तैयार किया।
बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल का रुख काफी सख्त नजर आया। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता (विद्युत), नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री ने विद्युत विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि पूरे यात्रा मार्ग पर लटकते हुए बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि ऊंचे रथों और झांकियों के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका को पूरे मार्ग पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए मंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण योजना बनाने को कहा। उन्होंने पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को भी रूट पर सक्रिय रखने के निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि श्री बालाजी जन्मोत्सव की यह शोभायात्रा न केवल मुजफ्फरनगर बल्कि पूरे देश की आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। इसमें देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए यह प्रशासन की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है कि हर भक्त सुरक्षित और श्रद्धापूर्वक इस महा-आयोजन का हिस्सा बन सके।
बैठक में मंदिर समिति के संरक्षक भीम सैन कंसल और अन्य पदाधिकारियों ने अब तक की तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने भी मंत्री को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएंगी और आयोजन को भव्य व ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से हरी शंकर तायल, सुनील तायल, कुलदीप कुमार, रजत गोयल सहित मंदिर समिति के सदस्य और शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













