मुजफ्फरनगर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है जहाँ थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश अमजद ढेर हो गया है।
मुजफ्फरनगर- (मुठभेड़) जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत आज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी और अंतरराज्यीय शातिर अपराधी अमजद मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल भी घायल हुए हैं।
घेराबंदी के दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
गुरुवार को पुलिस टीम को शातिर अपराधी अमजद के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने उसे घेरने का प्रयास किया, तो बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अमजद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बुढाना ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
4 राज्यों में फैला था जुर्म का जाल, दर्ज हैं 40 मुकदमे
मारा गया बदमाश अमजद (पुत्र जिलेदीन) निवासी हरसौली, शाहपुर एक बेहद शातिर और पेशेवर अपराधी था। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और बिहार सहित कई राज्यों में हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर और एनडीपीएस जैसी संगीन धाराओं में करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में थाना बुढाना में दर्ज लूट और धमकी के मामलों में वह वांछित चल रहा था, जिसके चलते डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दो पुलिसकर्मी घायल, भारी मात्रा में हथियार बरामद
इस मुठभेड़ में पुलिस टीम के उ0नि0 संदीप कुमार और कास्टेबल इशफाक भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से बदमाश के पास से अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने बताया कि अमजद का मारा जाना वेस्ट यूपी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com












