मुजफ्फरनगर- जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिला कारागार में बंद एक शातिर ड्रग तस्कर को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही से करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की है।
फरार अभियुक्त ने किया था सरेंडर, अब हुई बरामदगी
पुलिस के अनुसार, बीती 13 जनवरी को पुलिस ने सौरभ मुंडा नाम के तस्कर को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी नितिन कुमार उर्फ टोनी कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। दबाव के चलते नितिन टोनी ने 2 फरवरी को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। रविवार को थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी नितिन को जेल से पुलिस अभिरक्षा (रिमांड) में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर कम्पनी बाग के अंदर से 5 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई है।
नशे के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस अब अभियुक्त के Forward और Backward लिंक्स (नशा कहाँ से आता था और किसे बेचा जाता था) की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपी नितिन टोनी पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। इस कामयाबी में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, रविन्द्र सिंह और कांस्टेबल सनी कुमार की मुख्य भूमिका रही।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













