मुज़फ्फरनगर- एसआईआर प्रक्रिया (मतदाता सूची) के अंतिम पड़ाव के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से भी सहयोग मांगा है। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौड़ ने गुरुवार को रुड़की रोड़ स्थित पाल धर्मशाला में बीएलए के बैठक सम्पन्न की है। जिन लोगों के वोट नहीं बने हैं या किसी तरह की त्रुटि है वो कैम्पों में जाकर सही करा सकते हैं।
मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को पाल धर्मशाला में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ ने आह्वान किया कि सभी दल प्रत्येक बूथ पर अपने ‘बीएलए’ (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति में तेजी लाएं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतदाता सूची की पारदर्शिता और निगरानी के लिए राजनीतिक दलों की सहभागिता अनिवार्य है। सिटी मजिस्ट्रेट ने जोर दिया कि बीएलए की सक्रियता से ही बूथ स्तर तक शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति संभव हो सकेगी।
इन केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर:
अभियान के छूटे हुए लक्ष्यों को पूरा करने के लिए शुक्रवार से नगरीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें पाल धर्मशाला, रुड़की रोड स्थित मंगलम मंडप, इंदिरा कॉलोनी का श्री शक्ति रामलीला भवन, पटेलनगर का आदर्श राम लीला भवन, मालवीय चौक स्थित सोल्जर बोर्ड, बीआरसी बिलासपुर, प्रेमपुरी जैन मंदिर और नवीन मंडी स्थल कूकड़ा जैसे केंद्र शामिल हैं। नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौड़ ने अपील की है कि जिन मतदाताओं की वोट अभी तक नहीं बनी है या जिनके विवरण में कोई त्रुटि है, वे इन कैंपों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं। प्रशासन का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













