मुजफ्फरनगर की सांस्कृतिक विरासत को लगेंगे पंख- शहर में बनेगा शानदार ऑडिटोरियम, मंत्री कपिल देव ने तैयार कराया खाका

By प्रशांत खत्री

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- जनपद के कलाकारों, साहित्यकारों और प्रबुद्ध जनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में जल्द ही एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का खाका (ब्लूप्रिंट) तैयार करा लिया है और जल्द ही धरातल पर इसका कार्य नजर आएगा।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुजफ्फरनगर में एक बड़े और सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। शहर में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, नाटक और सरकारी कार्यक्रमों व पत्रकारों के आयोजन के लिए अभी तक किसी उपयुक्त स्थान का अभाव था। इसी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दिलाई गई है। यह ऑडिटोरियम न केवल भव्य होगा, बल्कि इसमें आधुनिक साउंड सिस्टम, लाइटिंग और बैठने की बेहतरीन व्यवस्था होगी। साथ ही क़रीब 100 कारों की पार्किंग सुविधा भी मिलेगी।

कलाकारों और युवाओं को मिलेगा नया मंच

मंत्री जी ने कहा कि मुजफ्फरनगर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक उचित मंच की तलाश रहती थी। इस ऑडिटोरियम के बनने से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि जमीन के चयन और डिजाइन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द इसका शिलान्यास कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। इस ऑडिटोरियम को बनवाने के लिए करीब 26 करोड़ की धनराशि का बजट दिया गया है।

मुज़फ्फरनगर में बनेगा बेहतरीन ऑडिटोरियम, ख़ाका तैयार, जल्द होगा निर्माण कार्य शुरू

विकास की ओर बढ़ता मुजफ्फरनगर

कपिल देव अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि मुजफ्फरनगर की बदलती तस्वीर में यह ऑडिटोरियम एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इसे शहर की गरिमा से जोड़ते हुए कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा। इस घोषणा के बाद से शहर के बुद्धिजीवियों और कला प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News