मुजफ्फरनगर- नगर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्ततम बाजार मोतीमहल में सोमवार देर शाम लूट की एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। ‘शर्माजी ज्वैलर्स’ के मालिक नवीन कुमार शर्मा से एक अज्ञात बदमाश ग्राहक बनकर सोने की पांच अंगूठियां छीनकर फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
मुज़फ्फरनगर- मोतीमहल में सर्राफ़ा व्यापारी से देरशाम लूट, पुलिस तलाश में जुटी
अंगूठियां देखने के बहाने आया था बदमाश
पीड़ित सर्राफा व्यापारी नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि एक युवक दुकान पर ग्राहक बनकर आया और अंगूठियां दिखाने को कहा। जैसे ही व्यापारी ने अंगूठियां दिखाईं, युवक चकमा देकर बॉक्स से 5 सोने की अंगूठियां लेकर बाहर की ओर भागा। जब तक नवीन शर्मा कुछ समझ पाते और शोर मचाते, आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।
व्यापारियों में भारी आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और सर्राफा व्यापारी मौके पर जमा हो गए। व्यापारियों ने बाजार में बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच स्थित इस बाजार में इस तरह की वारदात होना चिंताजनक है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सूचना पाकर नगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और सर्राफा व्यापारी से घटना के सम्बंध में जानकारी ली, उन्होंने कहा- जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













