मुजफ्फरनगर- (मतदान की शपथ) देश के लोकतंत्र को सशक्त बनाने और प्रत्येक नागरिक को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ गौरवमयी तरीके से मनाया गया। कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकतंत्र की मर्यादा को अक्षुण्ण बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
एडीएम प्रशासन ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने उपस्थित समस्त कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस दौरान सभागार में मौजूद हर व्यक्ति ने हाथ आगे बढ़ाकर यह संकल्प लिया कि— “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।” एडीएम प्रशासन संजय सिंह ने कहा, मुख़्य मतदाता दिवस का कार्यक्रम 25 जनवरी को किया जाएगा क्योंकि 25 जनवरी 1950 को ही भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना की गई थी।
लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक मतदाता
शपथ ग्रहण के उपरांत एडीएम प्रशासन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 25 जनवरी 2026 को आयोजित यह 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हमें याद दिलाता है कि एक वोट की ताकत क्या होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिकों के कर्तव्यों से मजबूत होता है। अधिकारियों ने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बने नागरिकों को इस प्रक्रिया से जोड़ने पर बल दिया।
प्रशासनिक अमले की रही मौजूदगी
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि जनपद का प्रत्येक सरकारी सेवक स्वयं तो जागरूक रहेगा ही, साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मतदान करने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2026 का मुख़्य आयोजन कल 25 जनवरी को किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जागरूक मतदाता में होती है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए। विशेष रूप से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













