मुज़फ्फरनगर- जनता की समस्याओं के निस्तारण व अपराधियों की धड़पकड़ की कार्यवाही जनपद मुज़फ्फरनगर में लगातार जारी है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा जनपद के विभिन्न थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा ले रहे हैं। तो वहीं इस समय सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। नो हेलमेट नो हाइवे।
मुज़फ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा व एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने आज समाधान दिवस पर मंसूरपुर में जनसमस्याओं को सुना तो वहीं मुज़फ्फरनगर की नगर कोतवाली में एसएसपी ने औचक निरीक्षण भी किया। महिला हेल्पडेस्क से लेकर अभिलेखों तक का गहनता से निरीक्षण किया और कमियां पाए जाने पर सम्बंधित को दिशा निर्देश भी दिए।
पैट्रोल पम्पों भी नो हेलमेट नो पेट्रोल का अभियान चलाया जाएगा, जिससे हेलमेट के प्रति जागरूकता अत्यधिक बढ़ाई जा सके।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना कोतवाली नगर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन किया तथा महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, विवेचना कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
इसके उपरान्त एसएसपी द्वारा जनता की जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही निर्देशित किया गया कि समाधान दिवस में आईं सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जाँच करें एवं समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा महिला अपराध सम्बन्धी शिकायतों की जाँच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इस दौरान थाना प्रभारी बबलू कुमार सहित पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
मुज़फ्फरनगर में नो हेलमेट नो हाइवे
एसएसपी संजय कुमार वर्मा व एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में मुज़फ्फरनगर में नो हेलमेट नो हाइवे अभियान चलाया जा रहा है। कोहरे में दृश्यता कम होने व सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत यह अभियान चलाया जा रहा है। जिससे लोगों में जागरूकता भी आती दिख रही है। हाइवे पर अब ज्यादातर लोग दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने भी लगे हैं।













