मुज़फ्फरनगर- जनता की आवाज बुलंद करने वाले जनपद शामली के निवासी विजय हिंदुस्तानी ने आज कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पर अनोखा प्रदर्शन किया उन्होंने बढ़ रहे वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाया और ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञात रहे गतदिनों श्रीराम कॉलेज के बाहर भी उन्होंने पैरों में जंजीरे डालकर जलभराव की समस्या को पानी में बैठकर उठाया था। आज भी उन्होंने मुज़फ्फरनगर में वायु गुणवत्ता के बेहद ख़राब स्थिति में आने पर फैक्ट्रियों को घेरा उन्होंने प्रदूषण से निजात दिलाने को प्रशासन और शासन से मांग उठाई।
मुज़फ्फरनगर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक युवक ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। युवक विजय हिंदुस्तानी सर्दी में अर्धनग्न अवस्था में खुद को जंजीरों में बांधकर और ऑक्सीजन वाला मास्क लगाकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा।
विजय हिंदुस्तानी का आरोप है कि जिले की कई फैक्टरियों में बाहर से लाए जा रहे कूड़े-कचरे का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जिले का प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण मुज़फ्फरनगर की हवा जहरीली हो चुकी है।
विजय हिंदुस्तानी ने फैक्ट्रीयो पर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां बाहर से आए कचरे को जलाया जा रहा है, जिससे आसपास के गांवों के लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदूषण के कारण क्षेत्र में कैंसर जैसी घातक बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं।
प्रदर्शनकारी युवक ने जिला प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। विजय हिंदुस्तानी ने मांग की कि या तो प्रदूषण फैलाने वाली फैक्टरियों को यहां से ट्रांसफर किया जाए या फिर उन्हें पर्यावरण मानकों के अनुसार संचालित किया जाए।













