मुज़फ्फरनगर- शीतलहर और हल्की हल्की धुंध आम जनमानस को ठंड का एहसास कराने लगी है। सुबह और शाम को कोहरा भी यातायात को प्रभावित करने लगा है। सोमवार रात करीब 11 बजे हल्की धुंध दिखाई देने लगी जबकि यही हल्की हल्की धुंध देररात से सुबह तक घने कोहरे में तब्दील हो जाती है।
नगर क्षेत्र में राहगीर जगह जगह अलाव का सहारा लेते देखे गए तो वहीं रेलवे स्टेशन के बाहर भी लोग अलाव में अपनी रात बसर कर रहे हैं। रात बढ़ते बढ़ते कोहरे की सफ़ेद चादर भी धीरे-धीरे गहरी होती जाती है जिससे यातायात भी मुश्किल हो जाता है।

घने कोहरे में स्कूल जाते बच्चे
सोमवार सवेरे भी मुज़फ्फरनगर में घना कोहरा दिखाई दिया और घने कोहरे में बच्चे स्कूल जाते दिखाई दिए और साथ ही उनको भी छुट्टी की आस जरूर रही होगी, क्योंकि अभिभावकों को ही कंपकपाती ठंड और कोहरे में बाहर निकलना मुश्किल पैदा कर रहा है तो वो तो आख़िर बच्चे हैं।
एडीएम वित्त ने किया खतौली रेन बसेरों का निरीक्षण
सोमवार रात एडीएम वित्त गजेंद्र सिंह खतौली में नगर पालिका में बने रैनबसेरा पहुँचे और अलाव व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया साथ ही उन्होंने खतौली रेलवे स्टेशन पहुंच कर बाहर सो रहे लोगों को रेन बसेरे की जानकारी दी साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया, कोई भी व्यक्ति बाहर खुले में ना सोये और तत्काल रेन बसेरों में भिजवाया जाए।

शीतलहर का प्रकोप सम्पूर्ण भारत में महसूस होने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फ़बारी की संभावना जताई जा रही है तो वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब व हरियाणा के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा दी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री तक गिरावट की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश में 23 दिसम्बर से 28 दिसंबर तक सुबह और रात में घने कोहरे का अनुमान जताया है।














