पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस-प्रशासन के सहयोग से आरोपी आरिफ ने युवक को सुरक्षित भारत भेजने का दिया आश्वासन
मुजफ्फरनगर- सऊदी अरब में फंसे एक युवक की घर वापसी अब संभव हो पाई है। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष मनीष चौधरी की पहल पर पुलिस और प्रशासन हरकत में आया और पीड़ित परिवार की आवाज अधिकारियों तक पहुंचने के बाद आखिरकार युवक को स्वदेश लाने की राह खुल गई है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व न्याजुपुरा निवासी रानी पत्नी फिरोज अपने परिजनों के साथ समाजसेवी मनीष चौधरी से मिली थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि थानाभवन निवासी आरिफ ने उनके पुत्र रिजवान को नौकरी दिलाने के नाम पर सऊदी भेजा, जहां वह फंस गया। ठगी और धमकी के आरोप लगाते हुए रानी ने अपने बेटे को वापस लाने की गुहार लगाई थी। मनीष चौधरी ने 18 नवंबर को पीड़ित परिवार की शिकायत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष रखकर कार्यवाही की मांग की थी।
मनीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार का मामला हमने मजबूती से उठाया। सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन से मिलकर परिवार की पीड़ा से अवगत कराया। विदेश में फंसे युवक को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
युवक की मां रानी ने बताया कि थानाभवन निवासी आरिफ स्वयं सऊदी अरब पहुंचा है और उसने उनके बेटे को स्वदेश भेजने का आश्वासन दिया है।














