सर्वखाप पंचायत में जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री का बड़ा बयान, जम्मू कश्मीर में कोई आतंकवादी नहीं…

By muzaffarnagarviews

Updated On:

मुजफ्फरनगर- उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक गांव सोरम में 15 वर्ष बाद एक बार फिर सर्वजातीय सर्वखाप पंचायत का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 16 से 18 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय पंचायत में समाज की विभिन्न कुरीतियों को समाप्त करने और पारंपरिक मूल्यों को सशक्त करने पर गहन मंथन जारी है। पंचायत में देशभर की 36 बिरादरियों के खाप चौधरी और थंबेदार शामिल हो रहे हैं जो अंतिम दिन महत्वपूर्ण और सख्त निर्णय लेने वाले हैं।

सर्वखाप पंचायत में शादी-विवाह में फिजूल खर्ची पर रोक, मृत्यु भोज पर पाबंदी, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, नशाखोरी, पारिवारिक विघटन, आपसी झगड़े रोकने जैसे अनेक मुद्दों पर प्रस्ताव रखे गए हैं।

खासतौर पर युवाओं में मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को गंभीर समस्या मानते हुए इसके लिए कठोर दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। महिलाओं द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अशोभनीय सामग्री पोस्ट करने पर भी रोक लगाने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से आया है।

पंचायत के दूसरे दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर से भारी संख्या में लोग सोरम पहुंचे। मंच पर जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने सभी विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि खाप चौधरी द्वारा लिए गए सामाजिक सुधार संबंधी फैसले हमेशा समाज हित में रहे हैं और सरकार भी ऐसे सकारात्मक कदमों का समर्थन करती है। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने पंचायत को “अनेकता में एकता” की सजीव मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई नहीं, बल्कि एकजुट सर्वजातीय समाज की सरदारी बैठी है। उन्होंने सभी को जम्मू-कश्मीर आने का न्योता देते हुए कहा कि कश्मीर अब पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसके बारे में गलत धारणाएं सिर्फ कुछ मीडिया रिपोर्टों का परिणाम हैं।

सोरम गांव इस समय सर्वखाप का महाकुंभ बना हुआ है, जहां से कल समाज सुधार के लिए महत्वपूर्ण संदेश और दिशा पूरे देश में जाएगी।

Leave a Comment

Related News