सर्दी के मौसम के साथ कोहरे की संभावना के दृष्टिगत एसएसपी ने सभी पुलिस वाहनों में फॉग लाइट लगवाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को कहा, कोहरे में ट्रकों के सड़क पर खड़े ना होने दें जिससे दुर्घटनाओं को काफ़ी हदतक रोका जा सके। जिससे किसी की जिंदगी बचाई जा सके।

मुज़फ्फरनगर- रिजर्व पुलिस लाईन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा शुक्रवार परेड की सलामी ली गयी। परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन सिद्धार्थ के मिश्रा द्वारा किया गया। तत्पश्चात एसएसपी द्वारा परेड में उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रुप से फिट रहने हेतु परेड ग्राउण्ड में दौड़ लगवाई गयी साथ ही टोलीवार पुलिसकर्मियों का टर्न आउट चैक करते हुए शस्त्रों के संचालन एवं उचित रख-रखाव हेतु अभ्यास करवाते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
🔸 एसएसपी द्वारा परेड में उपस्थित सभी वाहनों को संचालित कराकर उनके हूटर, लाइट व अन्य उपकरणों तथा वाहनों में उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा सहायता किट आदि की स्थिति का परीक्षण किया गया।
🔸 सर्द ऋतु में प्रायः होने वाले कोहरे को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त पुलिस वाहनों पर फॉग लाइट लगाने, समय से मेंटेनेंस कराने तथा पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगाने हेतु निर्देशित किया गया। एसएसपी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनपद में ऐसे सभी स्थानों को चिह्नित किया जाए, जहाँ दुर्घटना की संभावना अधिक बनी रहती है, ताकि आवश्यक सुरक्षा उपाय समय से सुनिश्चित किए जा सकें।
सभी पीआरवी वाहनों को निर्देशित किया गया कि वे अपने निर्धारित स्थान पर ही खड़े रहें तथा रात्रि के समय वाहन पर लगी लाल-नीली फ्लैश लाइट सदैव ऑन रखें, जिससे पुलिस वाहन दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई दें और आमजन में सुरक्षा की भावना तथा पुलिस की उपस्थिति का विश्वसनीय वातावरण बना रहे। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि सूचना प्राप्त होने पर इवेंट को तत्काल प्रभाव से अटेंड किया जाए, किसी भी प्रकार की देरी न हो।













