हापुड़- आज प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने प्रभारी जनपद हापुड़ के गढ़ क्षेत्र में हेलिपैड पर भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री के साथ मंत्री कपिल देव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष नरेश तोमर व क्षेत्रीय विधायकों ने गढ़मुक्तेश्वर स्थित गंगा स्नान मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थल निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मंत्री कपिल देव ने गंगा तट पर गंगा माता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी ने मेला क्षेत्र का गहन निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को सख्त एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि गंगा स्नान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सीएम के आगमन से पूरा क्षेत्र उल्लास और उत्साह से भर उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिससे वातावरण ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। बैठक में जिले के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और संगठनात्मक सुदृढ़ता पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सुशासन, सुरक्षा और विकास’ के संकल्प के अनुरूप हम सबका ध्येय है — सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मार्ग पर चलते हुए जनपद हापुड़ को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना।


















