मुज़फ्फरनगर- गांधी कॉलोनी के “द लर्निंग ट्री स्कूल” में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। स्कूल प्रांगण को रंग-बिरंगी सजावट, पुष्प मालाओं से अलंकृत किया गया, जिससे वातावरण में देवी माँ की दिव्य आभा और आध्यात्मिकता का संचार हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ आदिशक्ति दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण से हुआ। बच्चों ने माता रानी की स्तुति करते हुए नृत्य और भजन प्रस्तुत किए। माता रानी की महिमा दर्शाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया ।

पूरे प्रांगण में “जय माता दी” के गगनभेदी उद्घोष और माँ की आरती से भक्तिमय वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिवार, अभिभावक और विद्यार्थी एक साथ मिलकर देवी माँ की आराधना में लीन हो गए।

प्रधानाचार्या ने अपने आशीर्वचन में कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और साधना का पर्व है, जो हमें असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों को माँ दुर्गा की दिव्य शक्ति से प्रेरणा लेकर जीवन में धर्म, साहस और सद्गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी।














