मुज़फ्फरनगर- पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र का आज राष्ट्रीय लोकदल द्वारा आयोजित सदस्यता अभियान बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस अभियान में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से भारी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।

सदस्यता ग्रहण करने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर संगठन से जुड़े हैं तथा पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, जिला अध्यक्ष संदीप मलिक सहित अनेक जिम्मेदार पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय लोकदल की रीति-नीति और किसानों के मसीहा भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह जी के विचारों पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार जी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ही वह पार्टी है जो किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के अंतिम पायदान तक खड़े व्यक्ति की सच्ची आवाज बनकर उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समता और न्याय की स्थापना की जा सकती है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र की जनता का सम्मान कैबिनेट मंत्री बनाकर बढ़ाया है, विशेषकर दलितों एवं पिछड़ों का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अनिल कुमार गौतम, महामंत्री प्रदीप गुर्जर, बशारत खान, धीरसिंह प्रधान, सचिन शर्मा, सतपाल प्रधान, धर्मेन्द्र राठी, बीरसिंह बावरा, देवेंद्र सिंह, अमित प्रधान, सोमपाल प्रधान, सत्य प्रकाश शर्मा आदि उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे,अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे और जनता की समस्याओं को मुखरता से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।














