मुज़फ्फरनगर- दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा छपार थानाक्षेत्र में स्थित टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान भी काटे गए। साथ ही हाइवे पर किनारे खड़े वाहनों व ढाबों को भी हटवाया गया।
इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा छपार पुलिस के सहयोग से छपार टोल प्लाजा पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से सघन चेकिंग की गई। इस चेकिंग अभियान में लगभग 1000 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 12 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पाए गए।
सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्यवाही करते हुए कुल ₹24,000/- का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त हाईवे पर स्थित होटल/ढाबों के सामने सड़क किनारे खड़े वाहनों, जिनसे दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है, उन्हें भी मौके से हटवाया गया।
साथ ही यातायात पुलिस ने जनपदवासियों से अपील भी की है कि अपने वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और कोहरे के मौसम में दुर्घटनाओं से बचाव हेतु अपने वाहन में आगे-पीछे अच्छी गुणवत्ता के रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं।













