X
मुजफ्फरनगर- जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने देर रात्रि रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में विस्तृत अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इन्दु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे सहित जिले के समस्त क्षेत्राधिकारी, एलआईयू प्रभारी, एसओजी प्रभारी और सभी थाना/शाखा प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने जनपद के टॉप-10 और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की लगातार निगरानी करने तथा उनकी वर्तमान गतिविधियों का भौतिक सत्यापन करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, पशु तस्करी और अवैध असलहों के कारोबार में संलिप्त अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। संगठित अपराध पर प्रहार करते हुए एसएसपी ने माफियाओं और शातिर अपराधियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्त करने के आदेश दिए।
लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने थानों में दर्ज मुकदमों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं का पूरी पारदर्शिता व गुण-दोष के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही कोर्ट में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति 5.0 और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस रखते हुए एसएसपी ने एंटी रोमियो स्क्वॉड तथा महिला बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय रहने के आदेश दिए। उन्होंने स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास चेकिंग बढ़ाने तथा महिलाओं व बालिकाओं को 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यंत विनम्र और शालीन होना चाहिए। उन्होंने थाना परिसरों में पेयजल व बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए ताकि आमजन बिना किसी डर के पुलिस के पास पहुंच सके।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। गोष्ठी के समापन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त व फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के दिशा-निर्देश दिए।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com














