X
मुजफ्फरनगर- (सड़क हादसा) जनपद के जानसठ फ्लाईओवर बाईपास पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल जिंदल और उनका परिवार बाल-बाल बच गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले अधिवक्ता की कार को टक्कर मारी और फिर एक बाइक सवार दंपती को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में बाइक सवार घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेरठ से लौटते वक्त हादसा
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल जिंदल अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर मेरठ से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार जानसठ फ्लाईओवर बाईपास के पास पहुंची, तभी पुल के नीचे से अचानक निकले एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन सौभाग्य से कार में सवार अनिल जिंदल और उनके परिजनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
बाइक सवार दंपती को दूर तक घसीटा
अधिवक्ता की कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार इकरार और उनकी पत्नी को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक बाइक को काफी दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने दौड़कर घायलों को बचाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी जुट गई है।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com















