मुज़फ्फरनगर- नगर में मंगलवार की सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ जिसमें एक परिवार की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल गई। पीड़ित सतवीर के 25 वर्षीय पुत्र आशु अपने साथी मोहित के साथ मोटरसाइकिल से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था।
सुबह करीब 8 बजे जब उनकी बाइक शामली बस स्टैंड पुलिस चौकी से लगभग 100 मीटर पहले मंदिर के पास पहुँची, तभी पीछे से तेज़ रफ़्तार से आ रही यूपी रोडवेज़ बस (संख्या– UP30 AT 2667) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल के पिता सतवीर को बताया कि बस चालक इतनी लापरवाही से गाड़ी चला रहा था कि बाइक को देखते हुए भी उसने स्पीड कम नहीं की, अचानक हुई भीषण टक्कर में आशु और मोहित दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आशु की हालत को देखते हुए उन्हें रेफ़र कर दिया गया।
इसके बाद आशु को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी बेहद गंभीर स्थिति देखकर उनका बायां पैर काटने का निर्णय लिया। डॉक्टरों का कहना है कि दूसरे पैर की हालत भी चिंताजनक है और उस पर भी खतरा बना हुआ है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरी चोटें आई हैं। मोहित को भी गंभीर चोटें आई है। परिवार के अनुसार यह हादसा रोडवेज़ चालक की घोर लापरवाही का नतीजा है, जिसने दो परिवारों को गहरी पीड़ा में धकेल दिया। घायल आशु के परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं और न्याय की उम्मीद में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे हैं।
परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि दोषी को कड़ी सज़ा मिल सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।














