मुज़फ्फरनगर- गाँधी कॉलोनी के “द लर्निंग ट्री स्कूल” में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमा, हर्षोल्लास एवं देशभक्ति से परिपूर्ण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रीन फाउंडेशन टीम के सदस्य श्री नारायण शर्मा , श्री लक्षित शर्मा , श्रीमती आरुषि जैन, स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती कमलजीत कौर सरन , श्रीमती कीर्ति रल्हन तथा स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सुगंधा कपूर के द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित सभी शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य, गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को प्रभावशाली रूप में दर्शाया गया। बच्चों की मनमोहक एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में ग्रीन फाउंडेशन की टीम द्वारा विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के विषय में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर को और भी विशेष बनाते हुए विद्यालय की ओर से प्रत्येक विद्यार्थी को एक प्लांटर उपहार स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
यह आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण के प्रति जागरूकता तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













