मुजफ्फरनगर- नेशनल हाईवे पर गैस कटर से काटकर सरकारी बोर्ड उड़ा ले जाने वाले 2गिरफ़्तार

By muzaffarnagarviews

Published On:

Date:

मुजफ्फरनगर- नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और दिशा-निर्देश के लिए लगे सरकारी बोर्ड अब चोरों के निशाने पर हैं। तितावी थाना पुलिस ने हाईवे से साइन बोर्ड, लोहे की पाइप और डिवाइडर की पत्तियां चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये शातिर चोर गैस कटर की मदद से सरकारी संपत्ति को काटकर कौड़ियों के दाम कबाड़ियों को बेच देते थे।

शामली के रहने वाले हैं शातिर चोर

एसपी देहात आदित्य बंसल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी अली और अकरम शामली जनपद के कैराना क्षेत्र के रहने वाले हैं। ये दोनों आरोपी पिछले काफी समय से नेशनल हाईवे पर सक्रिय थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए भारी मात्रा में लोहे के साइन बोर्ड, डिवाइडर की पत्तियां और पाइप बरामद किए हैं।

गैस कटर से करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला कि वे सुनसान समय में गैस कटर लेकर हाईवे पर निकलते थे। वहां लगे बड़े-बड़े साइन बोर्ड और लोहे के सुरक्षा घेरों को काटकर वाहन में भरकर फरार हो जाते थे। इस चोरी से न केवल सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा था, बल्कि साइन बोर्ड न होने के कारण वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था।

एसपी देहात की टीम को बड़ी सफलता

एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि हाईवे पर लगातार हो रही इन चोरियों की शिकायतों के बाद तितावी पुलिस को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए थे। सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पुलिस अब उन कबाड़ियों की भी तलाश कर रही है जो इन चोरों से सरकारी सामान खरीदते थे। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News