X
मुजफ्फरनगर- जानसठ रोड स्थित आशादीप मूक-बधिर एवं मंदबुद्धि दिव्यांग प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का बेहद आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में भव्य यज्ञ और हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों और विशेष बच्चों ने आहुतियां डालकर नए सत्र की सफलता और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित दिनेश शास्त्री द्वारा संपन्न कराया गया, जिसमें श्रीमती व श्री रामबीर सिंह ने मुख्य यजमान के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इससे पूर्व संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर लोकेश चंद्रा, संरक्षक सुरेंद्र अग्रवाल और उपाध्यक्ष इंजीनियर बीआर शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
हवन की पूर्णाहुति के पश्चात संस्था की ओर से बच्चों के लिए विशेष स्नेह भोज और उपहारों का प्रबंध किया गया। श्रीमती राजकुमारी ने संस्थान के सभी दिव्यांग बालक-बालिकाओं और स्टाफ को चॉकलेट वितरित की, जिससे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। आरती के उपरांत उपस्थित गणमान्य जनों और बच्चों के बीच मिष्ठान प्रसाद का वितरण किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के अपने संकल्प को दोहराया।
इस मांगलिक आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य ब्रजमोहन शर्मा के नेतृत्व में शिक्षिका रीना चौधरी, शिवानी त्यागी, जीवनी बंसल, मीना सिंह और समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में इंजीनियर आरके गोयल, इंजीनियर पीके गुप्ता, श्यामलाल बंसल, इंजीनियर केके शर्मा सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाजसेवी मौजूद रहे।
मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश
Email: muzaffarnagarviews@gmail.com













