मुजफ्फरनगर- बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटा प्रशासन, नकल कराई तो खैर नहीं! DM उमेश मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश

By प्रशांत खत्री

Published On:

मुजफ्फरनगर- जनपद में आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों और प्रबन्धकों को दो-टूक चेतावनी दी गई कि परीक्षा की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बैठक में निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह कार्यशील होने चाहिए। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए ‘स्ट्रांग रूम’ में सुरक्षा के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, जिले के सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि बाहरी हस्तक्षेप को पूरी तरह रोका जा सके।

गोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था और रोशनी का पर्याप्त प्रबंध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान जिले की यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे, ताकि छात्रों को केंद्र तक पहुँचने में कोई असुविधा न हो।

फर्जीवाड़ा करने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुजफ्फरनगर में बोर्ड परीक्षा एक आदर्श वातावरण में संपन्न हो।
​इस गोष्ठी में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडाकर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत सहित जनपद के सभी केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षा विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

मुजफ्फरनगर व्यूज व्हाट्सएप ग्रुप

मुज़फ्फरनगर व्यूज़ | मुज़फ्फरनगर, उत्तर प्रदेश

Email: muzaffarnagarviews@gmail.com

Related News